नई दिल्ली: बेंगलुरु के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कैन सेंटर के रेडियोलॉजिस्ट पर स्कैनिंग के दौरान महिला मरीज से यौन उत्पीड़न और चाकू दिखाकर धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। यह मामला अनेकल के विधाता स्कूल रोड पर स्थित प्लाज्मा मेडिनॉस्टिक्स स्कैनिंग सेंटर का है।
जानकारी के अनुसार, गंभीर पेट दर्द की शिकायत पर स्कैन के लिए भेजी गई महिला ने आरोप लगाया कि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. जयकुमार ने जांच के दौरान उसके प्राइवेट पार्ट्स को छुआ, अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर उसे धमकाया।
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अगले दिन दोबारा सेंटर पहुंचकर कथित उत्पीड़न की पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर ली। फुटेज देखने के बाद उसके पति ने डॉक्टर से बात की, तो आरोप है कि डॉक्टर ने स्थानीय गुंडों को बुलाकर दोनों को धमकाने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद डॉक्टर को पुलिस के हवाले किया गया और महिला की शिकायत दर्ज कराई गई।
बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस प्रमुख सी.के. बाबा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल डॉक्टर फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।