वाराणसी : 45 वर्षीय क्रिकेट कोच मुरारी लाल को पुलिस ने एक गंभीर मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कोच ने अंडर-14 और अंडर-16 टीम में चयन और मेडिकल प्रक्रिया का लालच देकर दो नाबालिग खिलाड़ियों (14 और 15 वर्ष) का कई बार शोषण किया। गिरफ्तारी के बाद वह पुलिस के सामने रोते हुए माफी मांगने लगा।
पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग लंबे समय से मुरारी लाल से कोचिंग ले रहे थे। आरोप है कि कोच पहले एक बच्चे को लखनऊ ले गया और “टीम सिलेक्शन व मेडिकल टेस्ट” के नाम पर उसके साथ गलत हरकतें कीं। दूसरे बच्चे के साथ भी उसने लगातार तीन दिनों तक अप्राकृतिक तरीके से शोषण किया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। डॉक्टरों की पूछताछ में बच्चे ने पूरी सच्चाई बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज की।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी की पत्नी ने उसकी इसी तरह की हरकतों के कारण करीब पाँच साल पहले तलाक ले लिया था। इतना ही नहीं, साल 2021 में भी मुरारी लाल पर बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में दाखिला दिलाने के बहाने शोषण करने का आरोप लग चुका है और वह तब भी जेल गया था।
परिजनों की लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ POCSO एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आशंका है कि और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खेल कोचिंग संस्थानों में कड़ी निगरानी की आवश्यकता को उजागर करती है।