चचेरी बहन से अफेयर की सजा मौत, प्रेमिका ने भी गले पर मारा ब्लेड

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के जसपुरा क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। परछ गांव में बुधवार दोपहर प्रेम संबंध के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी मौत की खबर मिलते ही उसकी प्रेमिका ने गले पर ब्लेड मारकर खुदकुशी की कोशिश की। युवती की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक युवक रवि श्रीवास बुधवार करीब 12 बजे अपनी प्रेमिका से मिलने परछ गांव पहुंचा था। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते थे। जब युवती का मामा पिंटू उन्हें घर में साथ देखकर भड़क गया, तो विवाद बढ़ गया।

गवाहों के अनुसार, पहले झगड़ा हुआ और फिर पिंटू ने रवि पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद पिंटू और परिवार के अन्य सदस्यों ने रवि को रस्सी से बांधकर लाठियों से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपी रवि को अस्पताल ले गए और झूठा दावा किया कि उसने सल्फास खा लिया है। हालांकि, उसके शरीर पर चोटों के निशान देखकर डॉक्टरों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

रवि के पिता उमा शंकर उर्फ काली दीन ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज कराई है।
हमीरपुर की एसपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई तनाव न बढ़े। उन्होंने बताया, “प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि रवि की हत्या घर के अंदर ही की गई। लड़की की हालत अभी गंभीर है।”

पुलिस के पहुंचने के बाद जब लड़की को रवि की मौत की जानकारी मिली, तो उसने गले पर ब्लेड मार लिया। उसे गंभीर अवस्था में मौदहा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मामा पिंटू भी झगड़े में घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।

परिवारों के बीच पुराना विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि रवि और युवती आपस में चचेरे भाई-बहन थे। रवि का परिवार करीब 20 साल पहले परछ गांव से बांदा चला गया था। दोनों के संबंध की जानकारी परिवारों को थी, लेकिन वे इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे।

इस साल जून में रवि युवती को उसकी शादी से चार दिन पहले भगा ले गया था। 2 जून को उसकी पहली शादी तय थी, लेकिन दो हफ्ते बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया। तभी से दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था।

अब लड़की की दूसरी शादी जालौन जिले के कदौरा में 2 नवंबर को तय थी। पुलिस को शक है कि रवि बुधवार को उसे फिर से भगाने आया था, जिससे गुस्से में परिवार ने हमला कर दिया।

रवि ने गांव जाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने नाराजगी जताई थी कि लड़की की शादी दोबारा तय कर दी गई है। हालांकि, लड़की की दादी कल्ली का कहना है कि पोती ने रवि से रिश्ता तोड़ लिया था और परिवार की मर्जी से शादी करने को तैयार थी।

दादी ने यह भी आरोप लगाया कि रवि जबरन उसे ले जाने आया था और पहले पिंटू पर चाकू से हमला किया, जिसके बाद झगड़ा बढ़ते-बढ़ते हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और लड़की की हालत सुधरने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा।