360 किलो RDX सामग्री और हथियार बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में फरीदाबाद से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान करीब 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार मिले हैं।

फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस मामले में डॉ. मुजम्मिल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी स्थानीय अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है और बरामद सामग्री की जांच विशेषज्ञ टीमें कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, मौके से एक असॉल्ट राइफल (AK-47 जैसी लेकिन उससे छोटी), तीन मैगजीन, 83 जिंदा राउंड, एक पिस्तौल जिसमें 8 जिंदा राउंड, दो खाली कारतूस, दो अतिरिक्त मैगजीन, 8 बड़े और 4 छोटे सूटकेस, तथा एक बाल्टी में रखी 360 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

इसके अलावा, जांच में 20 टाइमर बैटरी, 24 रिमोट कंट्रोल, लगभग 5 किलो भारी धातु, वॉकी-टॉकी सेट, इलेक्ट्रिक वायरिंग, बैटरी, और अन्य प्रतिबंधित सामान भी जब्त किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आरडीएक्स नहीं है, बल्कि अमोनियम नाइट्रेट जैसी ज्वलनशील सामग्री है, जिसका उपयोग विस्फोटक बनाने में किया जा सकता है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री कहां से लाई गई और इसका मकसद क्या था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी शामिल हो गई हैं।