मेरठ: पति सौरभ राजपूत की हत्या के चर्चित ‘नीले ड्रम केस’ में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी ने सोमवार सुबह एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। मेडिकल कॉलेज के गायनेकोलॉजी वार्ड में सुबह करीब 7 बजे उसकी नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। डॉक्टरों के मुताबिक मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस सौरभ राजपूत की हत्या के आरोप में मुस्कान जेल में है, उसी की जन्मतिथि 24 नवंबर को ही उसकी दूसरी संतान ने जन्म लिया। इससे पूरे अस्पताल में चर्चा का माहौल बना रहा।
मुस्कान की यह दूसरी बेटी है, जबकि पहली बेटी पीहू नाना-नानी के साथ रहती है। मुस्कान को जेल से अस्पताल लाते ही उस पर कड़ी सुरक्षा लगा दी गई और डिलीवरी के बाद भी वार्ड को सुरक्षा घेरे में रखा गया है।
मुस्कान रस्तोगी और उसके कथित प्रेमी साहिल पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर सौरभ राजपूत की हत्या कर शव को नीले प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर फेंक दिया था। गिरफ्तारी के समय मुस्कान डेढ़ महीने की गर्भवती थी।
प्रसूति विभाग की प्रमुख डॉ. शगुन के मुताबिक, पांच डॉक्टरों की टीम मुस्कान की हालत पर लगातार निगरानी रख रही है। बच्ची का वजन करीब ढाई किलो है। हालांकि, मां में फ्लूइड की कमी पाई गई है, जिससे थोड़ा जोखिम बना हुआ था।
अस्पताल में मुस्कान को देखने और उसकी वीडियो बनाने वाली भीड़ लगातार बढ़ रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। इससे दूसरे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। एक तीमारदार लोकेश सैनी ने नाराजगी जताते हुए कहा,
“मुस्कान के आने के बाद पूरा वार्ड जैसे लॉकडाउन हो जाता है, आने-जाने में दिक्कत होती है।”