नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके वसंत विहार में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कमला पसंद पान मसाला और राजश्री गुटखा कंपनी के मालिक कमल किशोर चौरसिया की बड़ी बहू दीप्ति चौरसिया (40) ने कथित तौर पर अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के पहुंचने तक दीप्ति का शव कमरे में लटका मिला। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
सूत्रों के अनुसार, दीप्ति द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में किसी का नाम नहीं है, लेकिन उन्होंने बेहद भावुक शब्दों में लिखा—
“जब किसी रिश्ते में न प्यार रहे, न भरोसा, तो उसमें रहने का कोई मतलब नहीं बचता… अब मुझे भरोसा नहीं रहा।”
उधर, दीप्ति के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मानसिक उत्पीड़न और लगातार पारिवारिक तनाव के कारण दीप्ति ने यह कदम उठाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दीप्ति की शादी वर्ष 2010 में कमल किशोर चौरसिया के बड़े बेटे हरप्रीत चौरसिया से हुई थी। दंपती का एक 14 साल का बेटा भी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हरप्रीत की दूसरी शादी एक साउथ इंडियन फिल्म अभिनेत्री से होने के बाद दीप्ति लंबे समय से परेशान थीं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मशहूर बिजनेस फैमिली से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले को दिल्ली पुलिस एक बड़े चैलेंज की तरह देख रही है।