बड़ी भाजपा नेत्री के फ्लैट में चल रहा था सेक्स रैकेट, 9 लड़कियां ग्राहकों सहित पकड़ी गईं

नई दिल्ली/वाराणसी: सिगरा के पॉश इलाके में सोमवार देर रात हुए पुलिस ऑपरेशन ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा कर दिया। हाई-राइज कन्हैयालाल सर्राफ बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 112 में “स्पा सेंटर” की आड़ में चल रहे संगठित देह-व्यापार को SOG-2 की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने 9 युवतियों सहित कुल 13 लोगों को आपत्तिजनक हालत में हिरासत में लिया और पूरे फ्लैट को मौके पर ही सील कर दिया।

यह मामला इसलिए और चर्चाओं में है क्योंकि जिस फ्लैट में यह अवैध कारोबार चल रहा था, वह एक प्रमुख भाजपा नेत्री के पति के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस के अनुसार, फ्लैट को किराए पर दिया गया था और किरायेदार “स्पा” व “मसाज सर्विस” की आड़ में लगातार ग्राहकों को बुलाकर अनैतिक गतिविधियाँ चला रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से वाराणसी में स्पा और मसाज पार्लर के नाम पर ऐसे रैकेट तेजी से फैल रहे थे। इसी को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने SOG-2 नाम की विशेष टीम बनाई थी। विश्वसनीय सूचना मिलने पर टीम ने छापेमारी की। बाहर चमकदार स्पा बोर्ड लगा था, लेकिन अंदर का माहौल देख पुलिस भी हैरान रह गई।

पुलिस ने सभी 13 लोगों को हिरासत में लेकर युवतियों को रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है, जहाँ उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। वहीं दलालों और ग्राहकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है।
फ्लैट मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि उन्हें किरायेदार की गतिविधियों की जानकारी क्यों नहीं थी, या फिर उन्होंने लापरवाही बरती।

भाजपा नेत्री ने इस मामले पर फिलहाल कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है, जबकि उनके पति का कहना है कि फ्लैट वर्षों पहले किराए पर दिया गया था और उन्हें इस अवैध धंधे की जानकारी नहीं थी।
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों तक पहुँचने के लिए छानबीन तेज कर चुकी है। जल्द और गिरफ्तारियाँ होने की संभावना जताई जा रही है।